मंडी गोबिंदगढ़ की देश भगत यूनिवर्सिटी में टी-10 क्रिकेट विजेता आईटी टीम को ट्राफी देतीं प्रो-चांसलर तेजिंदर कौर।
- फोटो : अमर उजाला
देश भगत यूनिवर्सिटी में इंटर फैकल्टी टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न फैकल्टियों और विभागों की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। 10-10 ओवरों के इस टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों ने लीग मैचों से लेकर सेमीफाइनल मुकाबलों तक बेहतरीन प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबला फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और अकांउट्स विभाग की टीमों में था। फाइनल मुकाबले के दौरान बतौर मुख्यातिथि यूनिवर्सिटी चांसलर डॉ. जोरा सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अकांउट्स विभाग की टीम ने कप्तान परमेश्वर वर्मा की अगुवाई में पहले खेलते हुए 10 ओवरों में 5 खिलाड़ियों से 130 रन बनाए और विरोधी टीम को 131 रनों का लक्ष्य दिया। इसमें संजीव नेगी ने 57 रन (23 गेंदों में) और परमेश्वर वर्मा ने 32 रन (10 गेंदों में) का योगदान डाला।
फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। ओपनर मनप्रीत सिंह और सुखविंदर सिंह की जोड़ी ने 4 ओवरों में 45 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए पांच रनों की जरूरत थी। तरनवीर ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को विजय दिलाई।
इस तरह फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने विरोधी टीम को 4 विकटों के अंतर से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। संजीव नेगी को मैन ऑफ द मैच और परमेश्वर वर्मा को मैन ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। विजयी टीम एवं श्रेष्ठ खिलाड़ियों को प्रो-चांसलर डॉ. तेजिंदर कौर द्वारा ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।