पटियाला में शुक्रवार को डीसी आफिस के आगे पंजाब सरकार खिलाफ प्रदर्शन करते आप नेता व वर्कर।
- फोटो : PATIALA
आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को यहां डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के समक्ष वजीफा घोटाले में फंसे कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। धर्मसोत को तुरंत बर्खास्त करके उनके खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज करने की मांग की गई।
रोष धरने का नेतृत्व विपक्ष की उप नेता बीबी सरवजीत कौर माणूके, गुरदेव सिंह देव मान, अनमोल गगन मान, चेतन जोड़ेमाजरा, ज्ञान सिंह मूंगो, नीना मित्तल, जस्सी सोहियां, कुंदन गोगिया, नरिंदर शर्मा ने किया। सभी ने कांग्रेस सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की और साधु सिंह धर्मसोत के साथ मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पुतले फूंके। इसके बाद राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को मांगपत्र सौंपा।
आप नेताओं ने कहा कि धर्मसोत ने लाखों होनहार गरीबी विद्यार्थियों के भविष्य साथ खिलवाड़ किया है। धर्मसोत के खिलाफ अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जितने दस्तावेजी सबूतों के साथ सरकार को जांच रिपोर्ट सौंपी है, उसकी गंभीरता को देखते हुए इस भ्रष्ट मंत्री को ं मंत्रिमंडल से बर्खास्त करके फौजदारी मुकदमा दर्ज कर लिया जाना चाहिए था। आप नेताओं ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि वजीफा स्कीम में 63.91 करोड़ रुपये हड़पने वाले मंत्री को बचाने के लिए सभी नैतिक और प्रशासनिक हदें लांघ रहे हैं। आप नेताओं ने कहा कि मामले में जांच कोई भी एजेंसी करे परंतु जांच हाईकोर्ट के मौजूदा जजों की निगरानी में समयबद्ध हो। साथ ही इस जांच का दायरा 2012-13 तक बढ़ाया जाए, क्योंकि बादलों की सरकार के समय भी पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप स्कीम में गड़बड़ी हुई है।