पटियाला। विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को मिट्टी व पानी संरक्षण विभाग के मंडल भूमि रक्षा अफसर भजन लाल को 4000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना विजिलेंस ब्यूरो में केस दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी विजिलेंस ब्यूरो हरप्रीत सिंह ने बताया कि सरहिंद रोड पर मैसर्स बाला जी इरीगेशन सिस्टम नाम की फर्म चलाने वाले राकेश कुमार पुत्र वेद प्रकाश ने ब्यूरो को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी फर्म पंजाब सरकार से पंजीकृत है और खेतीबाड़ी व बागवानी के लिए तुपका और फव्वारा सिस्टम का सामान लगाती है। फर्म की ओर से पिछले दिनों जमींदारों के खेतों में तुपका और फव्वारा सिस्टम लगाए गए थे।
इसकी पेमेंट फर्म मैसर्स बाला जी इरीगेशन सिस्टम सरहिंद रोड पटियाला और कंपनी के नाम पर चेकों के जरिये करीब एक लाख 70 हजार रुपये मिलना था। इन चेकों को देने के बदले मंडल भूमि रक्षा अफसर पीएएस (क्लास वन अफसर) भजन लाल ने छह हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 4000 रुपये में तय हो गया। सूचना के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो के डीएसपी केडी शर्मा ने अपनी टीम के साथ शुक्रवार को आरोपी भजन को रिश्वत के 4000 रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी भजन लाल ने यह रिश्वत के पैसे जसवीर सिंह शेडो गवाह सुपरवाइजर दफ्तर बीएमएल डिवीजन पटियाला की हाजिरी में मांग कर हासिल किए। सरकारी गवाह एई दविंदर सिंह की हाजिरी में रिश्वत वाले 4000 रुपये आरोपी से बरामद किए गए। ब्यूरो की टीम में हवालदार विजय शारदा, एसआई जगतार सिंह आदि शामिल रहे।