लुधियाना की एक नर्स की मौत के मामले में पुलिस ने करीब साल भर बाद आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। नर्स की मौत चंडीगढ़ रोड पर पटियाला ढाबे के पास सड़क हादसे में हो गई थी। मरने वाली नर्स सरवजीत कौर (22) के पिता जसवीर सिंह निवासी मला थाना हूडर लुधियाना के बयान के आधार पर बनूड़ पुलिस ने आरोपी कार चालक इंद्र सिंह निवासी नजदीक टाहली साहिब गुरुद्वारा रायकोट लुधियाना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक बीएसई नर्सिंग करने के बाद सरवजीत कौर लुधियाना के एक अस्पताल में नौकरी कर रही थी। 14 जुलाई 2015 को वह अपनी सहेली लवप्रीत कौर के साथ किसी काम से चंडीगढ़ गई थी। जैसे ही जसवीर सिंह की जीप चंडीगढ़ रोड पर पटियाला ढाबा के नजदीक पहुंची, तो एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए जीप में टक्कर मारी। इस हादसे में सरवजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि बाकी दोनों बाल-बाल बच गए थे। पुलिस ने पहले इस मामले में 174 की कार्रवाई कर दी थी। अब पिता के बार-बार एतराज करने और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने के बाद मामले में कार चालक के तेज रफ्तार व लापरवाही से ड्राइविंग करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।