अपनी जिस बेटी के लापता होने पर मां ने अपनी तीन अन्य बेटियों के साथ खन्नौरी में भाखड़ा में छलांग लगा ली थी, अब उस बेटी सपना (19) के भी सुसाइड करने की बात पुलिस कह रही है।
पातड़ां सिटी थाना इंचार्ज डा. जगबीर सिंह ने कहा कि दो अन्य बहनों के साथ अब पुलिस सपना की भी भाखड़ा में तलाश कर रही है। आशंका है कि सपना ने भी सुसाइड कर लिया है। उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है।
थाना इंचार्ज ने कहा कि सपना रविवार को अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। सपना आरोपी लड़के से प्यार करती थी और जब लड़का उसके बुलाए पर समाना नहीं गया, तो सपना ने समाना में भाखड़ा में छलांग लगाने की कोशिश की थी।
उस समय लोगों ने उसे छलांग लगाने से बचा लिया था। तब से सपना का कोई अपता नहीं है। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है।
पूरी आशंका है कि सपना ने भी भाखड़ा में कूद कर आत्महत्या न कर ली हो। इसलिए सपना की भी तलाश भाखड़ा में की जा रही है। अभी तक न तो उसकी दोनों बहनों रजनी व प्रियंका का सुराग लगा है और न ही सपना का पता लगा है।
गौरतलब है कि रविवार को सपना के घर से लापता होने के बाद उसकी मां शकुंतला ने अपनी तीन बेटियों के साथ खन्नौरी में भाखड़ा में छलांग लगा दी थी।
शकुंतला का आरोप था कि पुलिस ने मामले में आरोपी लड़के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, जो उसे वरगला कर घर से ले गया था।