किसानों की ओर से आत्महत्याएं करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब गांव चट्ठा ननहेड़ा में आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। गांव चट्ठा ननहेड़ा के किसान हरबंस सिंह (52) के पास महज चार बीघा जमीन थी। इसी जमीन के सहारे उसके घर का गुजारा हो रहा था। आर्थिक तंगी के कारण वह परेशान था। इसी परेशानी में उसने यह कदम उठा लिया। मृतक की पत्नी चरणजीत कौर ने बताया कि रात में जब सारा परिवार सो रहा था तो हरबंस सिंह ने जहर निगल लिया। थाना छाजली के एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद वारिसों के हवाले कर दिया है। उधर, भारतीय किसान यूनियन उग्राहां के इकाई अध्यक्ष गोबिंद सिंह चट्ठा व उपाध्यक्ष रण सिंह चट्ठा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।