पटियाला में पुलिस की गिरफ्त में आए वाहन चोर गिरोह के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने मोटरसाइकिल और स्कूटर चोर के गिरोह के छह सदस्यों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। गिरोह से दस वाहन, दो तोला सोना, चांदी की पायल और 23 हजार 500 रुपये बरामद हुए हैं। एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान ने वीरवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि गिरोह के सदस्य स्कूटर, मोटरसाइकिल चोरी करने के अलावा लूटपाट की वारदातों को भी अंजाम देते थे। गिरोह के पकड़े जाने से जिले के कई मामले सुलझे हैं। पकड़े गए छह नौजवानों की आयु 18 से 24 साल के बीच है। इनमें से कुछ पढ़ते भी हैं।
एसएसपी ने बताया कि 22 जून को थाना सिविल लाइन पुलिस को इस मोटरसाइकिल व स्कूटर चोर गिरोह के बारे में गुप्त सूचना मिली कि प्रेम सिंह, दलजीत सिंह उर्फ लाडी, गुरप्यार सिंह उर्फ विक्की सभी निवासी गांव असरपुर थाना सदर समाना और रणबीर सिंह उर्फ गोला निवासी गांव दुलड़ जिला पटियाला, वरिंदर सिंह निवासी चुपकी थाना सदर समाना जिला पटियाला अलग-अलग जगह पर मोटरसाइकिल चोरी करते हैं। गांवों में से बिजली के ट्रांसफार्मर तोड़कर और उनसे तांबा निकालकर चोरी करके बेचते हैं।
साथ ही पता लगा कि प्रेम सिंह, गगनदीप सिंह उर्फ गग्गी और रणबीर सिंह उर्फ गोला लूटपाट की वारदातें भी करते हैं। वीरवार को उक्त पांचों आरोपी चोरी किए गए मोटरसाइकिल बेचने के लिए समाना की तरफ से गांव धामोमाजरा (पटियाला) को आ रहे हैं। पुलिस ने छपामारी कर उन्हें काबू कर लिया।आरोपियों के खिलाफ अब तक पटियाला के विभिन्न थानों में चार केस और हरियाणा गुहला चीका थाने में दो केस व इस तरह से छह केस ट्रेस हो चुके हैं।