सड़क हादसों में एक युवती समेत दो की मौत, दो महिलाएं घायल
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवती और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पहले केस में दर्शन सिंह निवासी बंदसुई जिला कैथल हरियाणा ने पातड़ां थाना पुलिस के पास बयान दिया है कि उसकी लड़की रूपिंदर कौर उसके साली के लड़के नवदीप सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रही थी। रास्ते में बस अड्डा खासपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए मोटरसाइकिल में टक्कर मारी। इस हादसे में रूपिंदर कौर की मौत हो गई, जबकि नवदीप सिंह के काफी चोटें लगीं। जो फिलहाल अस्पताल में दाखिल है। वारदात के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे केस में जम्मू राम निवासी गांव बिलासपुर बाजीगर डेरा पटियाला ने सदर पटियाला पुलिस के पास बयान दिया है कि आरोपीचालक कर्मजीत सिंह निवासी गांव मलकपुर थाना गुहला हरियाणा ने तेज रफ्तार के साथ लाकर अपना ट्रक एक अन्य ट्रक में मारा। जिस कारण यह ट्रक जाकर एक अन्य ट्रक में जोरदार ढंग से लगा। इस हादसे में बिलासपुर अड्डे के पास खड़ी उसकी पत्नी हंसो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं निंदर कौर व बिंदर कौर घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।