जीरकपुर। पीआर-7 रिंग रोड से एरो सिटी को मुड़ने वाली सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा सोमवार दोपहर 2:30 बजे हुआ। चालक ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को डेराबस्सी के शवगृह में रखवाकर ट्रैक्टर ट्राली चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बरवाला निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई।
जांच अधिकारी एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि संदीप बाइक पर डेराबस्सी से मोहाली की तरफ कैश डिलीवरी के लिए जा रहा था। जब वह मैक डोनाल्ड रोड से एरो सिटी रोड पर चढ़ने लगा तो ट्रैक्टर ट्राली चालक ने गड्ढे से बचने के लिए कट मारा और बाइक चालक इसकी चपेट में आ गया। मृतक डेराबस्सी के निजी फाइनेंस बैंक में काम करता था। उसके पास से पुलिस ने करीब 1 लाख 98 हजार रुपये बरामद किए हैं, जिसे बैंक अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप देगी।
गड्ढा बना मौत की वजह
जहां यह सड़क हादसा हुआ, उस एरिया में करीब आधा किमी तक के स्लिप रोड पर बड़े बड़े गड्ढे हैं। जिस मोड़ पर ट्रैैक्टर चालक ने गड्ढे से बचने के लिए कटा मारा और संदीप ट्रॉली की चपेट में आया था, उस गड्ढे की गहराई करीब छह इंच है। इस ओर नगर काउंसिल का बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते आए दिन सड़क हादसे हो रहते हैं।
इस रूट पर रॉन्ग साइड से लोग आते-जाते हैं
अगर ट्रैफिक पुलिस रॉन्ग साइड से आने और जाने वाले वाहनों के चालान करे तो शायद बड़े हादसे होने से बच सकें। मैकडी बर्गर किंग के पास बने टी प्वाइंट पर हमेशा ही कोई न कोई सड़क हादसा होता रहता है, क्योंकि लोग इस रूट पर रॉन्ग साइड से आते हैं। वहीं पुलिस इन हादसों को रोकने में पूरी तरह विफल है।