विदेश भेजने का झांसा देकर साढ़े चार लाख ठगे
तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
दो अलग-अलग केसों में विदेश भेजने का झांसा देकर तीन लोगों से लाखों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पहले केस में भादसों थाना पुलिस के पास जसविंदर सिंह निवासी गांव गोबिंदपुरा ने बयान दिया कि आरोपियों पवन कुमार निवासी भादसों, कपिल शर्मा निवासी फाजिल्का ने उसे विदेश भेजने का झांसा देकर दो लाख 90 हजार रुपये लिए थे। बाद में न तो विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए।
दूसरे केस में गुरदीप सिंह निलासी गांव जियोनपुरा तहसील पातड़ां ने अर्बन इस्टेट थाना पुुलिस के पास बयान दिया है कि आरोपी जसकरन सिंह निवासी बस्ती टांका वाली फिरोजपुर ने उसे वर्क परमिट का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये लेकर टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया। इस कारण एक महीने के बाद उसे वापस आना पड़ा। पुलिस ने इस बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।