युवक ने की खुदकुशी की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
पटियाला-नाभा रोड पर मंगलवार दोपहर बाद एक युवक ने भाखड़ा नहर में कूदने की कोशिश की। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने उसे ऐसा करने से रोका और फिर पुलिस को सूचना दी। गोताखोरों के मुुताबिक नहर में छलांग लगाने की कोशिश करने से पहले युवक की अपनी प्रेमिका के साथ लड़ाई हुई थी।
गोताखोर शंकर भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे शहर के देसी मेहमानदारी इलाकावासी जतिन कुमार (28) एक युवती के साथ नहर पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि युवती पटियाला की यूनिवर्सिटी में पढ़ाती है। दोनों में पहले काफी झगड़ा हुआ। युवती के साथ एक लड़की भी थी। लड़ाई के बाद युवक ने नहर में छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद गोताखोरों ने युवक को ऐसा करने से रोका। मौके पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने युवक व लड़कियों से बात कर उनके माता-पिता को मौके पर बुलाया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों को समझा बुझाकर घर भेज दिया गया था। संबंधित मॉडल टाउन चौकी के इंचार्ज गुरदीप सिंह ने माना कि लड़कियां एक निजी यूनिवर्सिटी की थीं, लेकिन उन्होंने मामले में और कुछ कहने से इनकार कर दिया।