मालिक की टोका टाकी से परेशान होकर की थी हत्या
पेट्रोल पंप के मालिक की हत्या का आरोपी डेढ़ साल बाद गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा। थाना खेड़ी गंडियां पुलिस ने डेढ़ साल पहले गांव आकड़ में पेट्रोल पंप मालिक की हत्या करने के आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में डीएसपी सर्कल घनौर अशोक कुमार ने बताया कि 15 जनवरी 2017 को गांव आकड़ में स्थित पेट्रोल पंप पर मालिक बलवंत सिंह (65) निवासी गांव जसवाल का कत्ल हो गया था। कत्ल करने वाला पेट्रोल पंप पर काम करने वाला सरजू यादव वासी गांव कासिमपुर जिला सहरसा बिहार फरार हो गया था और उस समय से पुलिस कत्ल के आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली की आरोपी बिहार में है फिर बिहार पुलिस की मदद ली गई और थानेदार परमजीत सिंह को पुलिस पार्टी सहित वहां भेजा। आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर 22 सितंबर 2017 को जिला मजिस्ट्रेट सहरसा के सामने पेश करके डिमांड पर पंजाब लाया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि हत्या करने में उसका साथ उदय निवासी दानपुर जिला सहरसा बिहार ने दिया था। फिर पुलिस दोबारा बिहार उदय को गिरफ्तार करने गई। इसके बाद उदय गांव आकड़ वासी स्वर्ण जीत के जरिये थाने में पेश हो गया और पूछताछ में सच्चाई सामने आई कि कत्ल केवल सरजू ने ही किया था। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में सरजू ने खुलासा किया कि वह आठ-दस महीने से पेट्रोल पंप पर काम करता था, इस दौरान पंप के मालिक बलवंत सिंह उसे बार बार टोका टाकी करता था। इसी कारण वह उससे रंजिश रखने लगा और 15 फरवरी 2017 को जब बलवंत सिंह रात को पंप पर सो रहा था तो इसने दातर से हमला कर उसका कत्ल कर दिया और बिहार भाग गया। डीएसपी ने बताया कि कत्ल में प्रयोग की दातार भी आरोपी से बरामद कर ली गई।