बाइक सवार को घायल कर साढे़ 8 लाख लूटे
दो बाइकों पर सवार चार लुटेरों ने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने राजपुरा सहित साथ लगते इलाकों में की नाकाबंदी
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा। रिलायंस पेट्रोल पंप व अन्य जगहों का साढे़ 8 लाख रुपये राजपुरा के बैंक में जमा कराने के लिए आ रहे बाइक सवार को लुटेरों ने घायल कर कैश व जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना मिलते ही शंभू थाना प्रभारी सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी वारदात स्थल पर पहुंचे। केस दर्ज कर पुलिस ने लुटेरों को दबोचने के लिए इलाके में नाकाबंदी कर दी है।
शंभू थाना प्रभारी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि राजपुरा के विकास नगर निवासी पवन कुमार रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस में जॉब करता है। उसने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह रोजाना की तरह मंगलवार सुबह भी रिलायंस पेट्रोल पंप व डाहरियां से करीब साढे 8 लाख रुपये लेकर बाइक पर सवार होकर राजपुरा के बैंक में जमा करवाने के लिए आ रहा था। करीब साढे़ 11 बजे गांव घघर सराए की नजदीक पहुंचा दो बाइकों पर सवार चार व्यक्तियों ने उसे रुकने का इशारा किया। रुपये होने के चलते उसने बाइक की गति बढ़ा दी। इस पर लुटेरे बाइक सवारों ने हाथ में पकड़े हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया। इससे वह बाइक सहित गिर गया और लुटेरों ने साढे़ 8 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घायल पवन कुमार को राहगीरों ने िसविल अस्पताल में दाखिल कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि लूट की सूचना मिली उन्होंने पुलिस की टीम को प्रमुख चौराहों पर लगा दिया और वारदात वाली जगह का मुआयना किया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सारी वारदात कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस के मुताबिक लुटेरे कई दिनों तक रेकी करते रहे हैं और मंगलवार को वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी जल्द ही पकड़ में आ जाएंगे।