बैंक मुलाजिमों से मिलीभगत कर फर्जी तरीके से लिया 27 लाख का लोन
जीरकपुर ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर अरोपी सहित चार पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा। सिटी पुलिस राजपुरा ने इलाहाबाद बैंक जीरकपुर की शाखा के मैनेजर दीपक कंबोज की शिकायत पर बैंक को धोखे में रखकर 27 लाख का लोन लेने के मामले में अरोपी गुरविंदर सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी रामपुरा खुर्द राजपुरा, पूर्व ब्रांच बैंक मैनेजर रजिंदर भट्टी, एसके नागपाल फील्ड अफसर ब्रांच जीरकपुर व इलाका पटवारी सूहरों सुखदेव सिंह के खिलाफ धारा 420, 465, 467, 468, 471, 120 बी आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी गुरविंदर सिह ने राजपुरा में पड़ती 32 बीघा, साढे़ 4 बिसवा जमीन की फर्द राजपुरा से लेकर इलाहाबाद बैंक जीरकपुर की ब्रांच में दिखाकर 2013 में बैंक मैनेजर रजिंदर भट्टी व फील्ड अफसर एसके नागपाल से मिलकर 27 लाख रुपये का लोन ले लिया। उसके बाद बैंक में किश्तें आदि नहीं भरी। बैंक से लिये लोन की किश्तें जमा ना होने पर जब इलाहाबाद बैंक जीरकपुर के मौजूदा ब्रांच मैनेजर दीपक कंबोज ने जांच की तो पता चला कि आरोपी ने पहले भी लगभग सात बैंकों से लाखों का कर्ज लिया हुआ है और उसने बैंक अधिकारियों से मिलकर धोखाधड़ी की है। जिसके बाद दीपक कंबोज ने पुलिस को मामले की शिकायत की तो पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर बनती कार्रवाई शुरू कर दी है।