मटर प्रोसेसिंग फैक्टरी का डायरेक्टर गिरफ्तार
फैक्टरी में अमोनिया गैस का ब्वायलर फटने से तीन मजदूरों की हो गई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। शंभू-घन्नौर रोड पर गांव संधारसी के पास हिमालया फ्रेश प्रोटीन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से चलाई जा रही मटर प्रोसेसिंग फैक्टरी के डायरेक्टर यशपाल सिंगला को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। घन्नौर के डीएसपी हरजिंदर सिंह ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 11 मजदूरों की हालत फिलहाल ठीक है। साथ ही कहा कि मामले के बाकी आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस ने हादसा होने के बाद फैक्टरी के डायरेक्टर सतीश कुमार सिंगला, यशपाल सिंगला के अलावा 11 अन्य ओहदेदारों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया था। थाना घन्नौर के इंचार्ज रघवीर सिंह ने बताया कि फैक्टरी के रिकार्ड को कब्जे में लेकर जांच की जाएगी, जिससे पता लगाया जाएगा कि फैक्टरी के कौन-कौन से डायरेक्टर हैं। इसके बाद एफआईआर में उनके नाम डालकर गिरफ्तारियां की जाएंगी। साथ ही फैक्टरी को इंडस्ट्री विभाग से एनओसी मिली थी या नहीं, इस बारे में भी जांच की जा रही हैं। इंचार्ज ने बताया कि फैक्टरी से रिसी अमोनिया गैस के असर को पानी का छिड़काव करके खत्म कर दिया गया है।