नगदी, गहने लेकर एनआरआई दुल्हन फरार
भादसों पुलिस ने दुल्हन व उसके माता-पिता खिलाफ केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना भादसों के अधीन पड़ते गांव चहल के रहने वाले युवक को अपने कनाडा ले जाने का झांसा देकर शादी करने के बाद एनआरआई दुल्हन लाखों का कैश और गहने लेकर फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी एनआरआई दुल्हन व उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीडित युवक के पिता गुरचरन सिंह निवासी गांव चहल ने पुलिसको शिकायत दी है कि उनकी गांव में छोटी सी दुकान है। एमबीए पास अपने लड़के जगजीत सिंह (30) की शादी के लिए उन्होंने अखबार में विज्ञापन दिया था। इस पर आरोपी एनआरआई लड़की गुरप्रीत कौर के पिता प्रितपाल सिंह व मां किरन कौर निवासी सीआरपीएफ कालोनी अर्बन इस्टेट फेज एक दुगरी लुधियाना उनके पास आए। उन्होंने झांसा दिया कि उनकी लड़की कनाडा की परमानेंट रेजीडेंट है। शादी के बाद वह उनके लड़के जगजीत सिंह को भी कनाडा ले जाएगी। इसके लिए उन्हें 15 लाख रुपये देने होंगे। उसने किसी तरह से पैसों का इंतजाम करके लड़की वालों को दिया और लड़के की शादी 28 अक्तूबर 2017 को एनआरआई गुरप्रीत कौर से करा दी। शादी के तीन दिन के बाद गुरप्रीत कौर लाखों के गहने लेकर कनाडा यह कहकर चली गई कि वह जल्दी जगजीत को बुला लेगी। बाद में वह अपने ससुराल आई और पांच लाख रुपये और ले लिए। कहा कि जगजीत को कनाडा ले जाने का इंतजाम करना है। इसके बाद गुरप्रीत कौर कभी ससुराल नहीं लौटी। पुलिस ने एनआरआई दुल्हन व उसके माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।