अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी के कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों ने गुरुवार को कुलपति कार्यालय के सामने रोष प्रदर्शन किया। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार यूजीसी के वेतन संबंधी नियमों को लागू करने की मांग की।
इस रोष प्रदर्शन का नेतृत्व डॉ. दलवीर सिंह और असिस्टेंट प्रोफेसर सुरिंदर सिंह ने किया। एसोसिएशन के महासचिव असिस्टेंट प्रोफेसर रमनप्रीत सिंह ने शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने एसोसिएशन की मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, इस मामले में अब तक की गई कानूनी कार्रवाई पर भी प्रकाश डाला। रमनप्रीत सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के मुताबिक यूनिवर्सिटी द्वारा यूजीसी के वेतन नियम लागू होने चाहिए। शिक्षक लंबे समय से इस मामले के समाधान का इंतजार कर रहे हैं। एसोसिएशन के नेताओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से हाईकोर्ट के आदेशों को बिना किसी देरी के लागू करने की मांग की। उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों के वेतन संबंधी मांगों का जल्द निपटारा करने को कहा।
डॉ. दलवीर सिंह ने पंजाबी यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लगातार वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपनी सुविधा के अनुसार नियमों में बदलाव कर रहा है। शिक्षकों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है कि उन पर यूजीसी रेगुलेशन-2010 और 2018 के नियम लागू हों। इन नियमों के अनुसार उन्हें देय वेतन दिया जाए। यह मांग लंबे समय से लंबित है।