सुनाम सीट से कांग्रेस के पत्ते खुलते ही यहां विरोध के स्वर उठने लगे हैं। टिकट के अन्य दावेदार पार्टी के इस फैसले से बेहद नाराज हैं। कांग्रेस ने इस बार सुनाम सीट से बिल्कुल नए यूथ चेहरे और एनएसयूआई की अध्यक्ष दामन बाजवा पर दांव खेला है। पार्टी टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे राजिंदर दीपा के समर्थकों ने दिल्ली में प्रत्याशियों की घोषणा होते ही फैसले का विरोध किया।
राजिंदर दीपा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने सुनाम सीट के गलत फैसला किया है। उन्होंने संभावना जताई कि जिसे टिकट दी गई है शायद उनका नाम तक वोटर लिस्ट में नहीं है। अगले कुछ दिनों के भीतर पार्टी को यह अहसास जरूर होगा कि उन्होंने बड़ा गलत फैसला किया है। पार्टी को इस फैसले की समीक्षा करनी पडेगी।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने यहां से अमन अरोडा और अकाली दल ने विधायक गोबिंद सिंह लोंगोवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। स्थानीय राजनीति में दामन बाजवा एक नया चेहरा हैं और कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के माध्यम से सियासत में सक्रिय हो रहीं थीं। लेकिन नाराज पार्टी नेताओं को मनाना उनके लिए टेढी खीर साबित हो सकता है। दूसरी तरफ दामन बाजवा ने कहा कि पार्टी और जनता की उम्मीद पर शत प्रतिशत खरा उतरेंगी। सभी पार्टी नेताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूत किया जाएगा।