पटियाला। चौथे नवरात्र के मौके पर वीरवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डा. गुरप्रीत कौर व बहन मनप्रीत कौर ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर में नतमस्तक हुईं। उन्होंने लोक कल्याण की कामना को लेकर श्री काली देवी के चरणों में माथा टेका व प्रसाद चढ़ाया। गौरतलब है कि श्री काली देवी मंदिर की पूरे मालवा क्षेत्र में काफी मान्यता है और दूर-दूर से श्रद्धालु खास तौर से नवरात्रों में यहां माथा टेकने के लिए जुटते हैं।
इस मौके डा. गुरप्रीत कौर व मनप्रीत कौर ने श्री काली देवी व श्री राज राजेश्वरी देवी के सलाहकारी बोर्ड की ओर से रखे समागम में महिला सशक्तिकरण के तहत 20 जरूरतमंद स्कूली छात्राओं में साइकिल और 20 उभरती खिलाड़ियों को खेल किटें बांटने की रस्म अदा की। उन्होंने मंदिर सलाहकारी बोर्ड के इस प्रयास की सराहना करते कहा कि इससे जहां इन लड़कियों की हौसलाअफजाई होगी, वहीं पढ़ाई व खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका भी मिलेगा। इस मौके विशेष तौर से सेहत मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा की पत्नी शरणजीत कौर, विधायक डा. बलबीर सिंह की पत्नी डा. रूपिंदर जीत सैणी, हरमीत सिंह पठानमाजरा की पत्नी सिमरनजीत कौर और विधायक गुरलाल घन्नौर की पत्नी शमिंदर कौर भी मौजूद रहीं। मंदिर सलाहकारी बोर्ड के मेंबर संदीप बंधू, केके सहगल, नरेश गुप्ता, मदन अरोड़ा, नरिंदर पाल, मनमोहन कपूर, कृष्ण कुमार गुप्ता, अश्विनी गर्ग ने डा. गुरप्रीत कौर व मनप्रीत कौर का विशेष स्वागत किया।