पटियाला के पोलो ग्राउंड में रविवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान तिरंगा फहराया। लुधियाना में राज्यस्तरीय समारोह में पंंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म निभाई। वही, मोगा में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर ने तिरंगा फहराया । इसके अलावा फरीदकोट के नेहरू स्टेडियम में पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं, अटारी वाघा सीमा पर गणतंत्र दिवस के मौके पर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) ने ध्वजारोहण किया।
मोगा के दाना मंडी में पंजाब कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने 76वें गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराने की रस्म अदा की। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के साथ डिप्टी कमिश्नर मोगा, स्पेशल डीजीपी पंजाब, एसएसपी मोगा और अन्य प्रशानिक अधिकारी मौजूद रहे।
अमृतसर में कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
अमृतसर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। तिरंगाफहराने के बाद उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की एक्स ग्रेशिया ग्रांट में वृद्धि करने का किया एलान करते हुए कहा कि पंजाब सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करेगी। इसके अलावा खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए 11 विभिन्न खिलाड़ियों को अलग-अलग विभाग में नियुक्ति दी जाएगी।
बरनाला में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण समारोह बाबा काला मेहर स्टेडियम बरनाला में आयोजित किया गया। समारोह में (स्त्री एवं बाल विकास मंत्री पंजाब) कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर तिरंगा फहराया और परेड को सलामी दी। इस मौके शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। इस समागम में शहीद परिवार और अधिकारी शामिल रहे। स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
अटारी-वाघा बॉर्डर पर 76वें गणतंत्र दिवस पर बीएसएफ का संदेश
76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर बीएसएफ के कार्यवाहक डीआईजी हर्ष नंदन जोशी ने सीमा सुरक्षा बल के सभी जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन खुशी और गर्व का है। यह उन वीर जवानों और देशभक्तों को याद करने का दिन है जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। साथ ही, मैं यहां उपस्थित सभी लोगों से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करने की अपील करता हूं।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
जोशी ने बताया कि 1 जनवरी 2024 से अब तक बीएसएफ ने 301 किलो हेरोइन, विभिन्न हथियार, 460 राउंड, और 59 मैगजीन बरामद किए हैं। इसके अलावा, अवैध घुसपैठ के दौरान 30 पाकिस्तानी और 1 अफगानी घुसपैठियों को पकड़ा गया है। साथ ही, बांग्लादेश और नेपाल के 3 अन्य विदेशी नागरिकों को भी पाकिस्तान जाने की कोशिश करते हुए सतर्क सीमा गार्डों ने पकड़ा।
ड्रोन गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई
बीएसएफ ने बढ़ती ड्रोन गतिविधियों को रोकने के लिए भी बड़े कदम उठाए हैं। 1 जनवरी 2024 से अब तक कुल 319 ड्रोन गिराए गए हैं। जोशी ने बताया कि 101 भारतीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है और 6 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया गया है।
सुरक्षा का संकल्प
बीएसएफ की सतर्कता और प्रतिबद्धता देश की सुरक्षा और सम्मान को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही है। गणतंत्र दिवस के मौके पर बीएसएफ ने अपनी ताकत और जिम्मेदारी का प्रदर्शन किया और देशवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।