गांव लोहार माजरा में शनिवार सुबह गन्ने के खेतों में एक चीते के आने से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसआई बलविंदर सिंह ने स्थिति का जायजा लिया और जंगलात विभाग को सूचित किया।
गांव के दर्शन सिंह ने बताया कि उन्होंने एक चीते को किसान जसमेल सिंह पुत्र साधू सिंह के गन्ने के खेत में टहलता देखा और इसकी सूचना सरपंच मुकंद सिंह को दी। जंगलात विभाग की आठ सदस्यीय टीम ने गन्ने के खेत में कई पटाखे फोड़े लेकिन चीते का कोई सुराग नहीं मिला।
शाम पांच बजे अंधेरा होने के बाद टीम लौट गई और ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा करने के निर्देश दिए। ब्लॉक आफिसर हरचंद सिंह ने बताया कि अधिकारियों की टीम रविवार को भी चीते को काबू करने के लिए पूरी तैयारी के साथ गांव का दौरा करेगी।