सुनसान सड़क पर कार में बैठे जोड़े की वीडियो बनाकर वसूली का आरोप
आरोपी के मोबाइल से मिला करीब 90 मिनट का वीडियो, दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। सूलर से मैण रोड पर एक जोड़े को ब्लैकमेल करने के आरोप में पसियाणा पुलिस ने तीन लोगों पर मामला दर्ज किया है। इनमें सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) के दो एएसआई भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह और एएसआई करनैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। मामले में एएसआई बलिहार सिंह भी नामजद है, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनसान सड़कों पर कार में बैठे लोगों को डराते-धमकाते थे। गुरप्रीत सिंह उनकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। एसएसएफ के दोनों एएसआई भी इस काम में उसका साथ देते थे।
ब्लैकमेलिंग का खुलासा
जानकारी के मुताबिक, गांव शेर माजरा पुल के पास आरोपियों ने एक जोड़े को रोका था। उन्होंने वीडियो बनाने के बाद 20 हजार रुपये मांगे, फिर पांच हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसी दौरान युवक ने पटियाला पुलिस के एक परिचित थानेदार को फोन किया। थानेदार ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को घेरा और पसियाणा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गुरप्रीत सिंह और एएसआई करनैल सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार गुरप्रीत सिंह के मोबाइल से करीब 90 मिनट का वीडियो मिला है। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपियों ने कितने लोगों को निशाना बनाया। थाना पसियाणा के इंचार्ज पवितर सिंह ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।