कर्फ्यू के कारण पटियाला में फंसे जम्मू के एक तीन साल के बच्चे को पटियाला की बाल कल्याण कमेटी ने जम्मू के कठुआ की बाल कल्याण कमेटी के सहयोग से उसके अभिभावकों तक पहुंचा दिया। डीसी कुमार अमित ने बताया कि जम्मू के कठुआ का तीन साल का बच्चा मयंकवीर पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-दो में अपने नानके आया था।
इसी दौरान कर्फ्यू लगने के कारण वह यहीं फंस गया। बच्चे की मां पुनीत कौर कठुआ में थी। पिता अजीत सिंह ग्वालियर के केनरा बैंक में नौकरी करते हैं। बच्चे के नानके परिवार और अभिभावकों की ओर से पटियाला जिला बाल सुरक्षा अफसर के दफ्तर में फोन करके गुहार लगाई गई थी कि बच्चे को उसकी मां के पास जल्द भिजवाया जाए।
डीसी ने बताया कि सहायक कमिश्नर (जनरल) डॉ. इस्मत विजय सिंह ने इस बच्चे को कठुआ इसकी माता के पास भेजने के लिए पटियाला और कठुआ की बाल भलाई कमेटी के साथ तालमेल करके अंतरराज्यीय पास मुहैया कराए। बच्चे के जम्मू की सरहद पर पहुंचने पर पहले वहां के प्रशासन की ओर से उसका मेडिकल कराया गया।
बाद में जरूरी कार्रवाई मुकम्मल कराने के बाद बच्चे को उसकी मां पुनीत कौर को सौंपा गया। इस मौके पुनीत कौर ने पटियाला जिला प्रशासन की उसके प्रयासों के लिए सराहना की।