पटियाला। सरकारी राजिंदरा अस्पताल के डॉक्टरों ने मंगलवार को ब्लैक फंगस के पोस्ट कोविड मरीज का दूरबीन के साथ सफल ऑपरेशन किया। इस दौरान मरीज के आंख के आसपास से ब्लैक फंगस को साफ करके आंख को बचाया लिया गया है। यह ऑपरेशन ईएनटी विभाग के माहिर डाक्टरों डॉ. संजीव भगत, डॉ. दिनेश कुमार शर्मा, डॉ. विश्व यादव और एनेस्थीजिया विभाग के माहिर डॉक्टरों की देखरेख में हुआ।
इस मौके ईएनटी विभाग के प्रोफेसर एवं हेड डॉ. संजीव भगत ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि ब्लैक फंगस से आंख व आसपास के दूसरे हिस्सों को बचाने के लिए इसको जल्दी पहचान कर जल्द ऑपरेशन करना बहुत जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि जब तक ऑपरेशन करके ब्लैक फंगस के गले हुए मांस को निकाला नहीं जाता, तब तक दवाएं भी असर नहीं करती हैं। इसलिए ऑपरेशन के साथ एंफोट्रिसीन बी दी जाती है। जो एक काफी प्रभावकारी एंटी फंगल दवा है।
इस दौरान सरकारी मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डॉ. राजन सिंगला ने बताया कि इस समय राजिंदरा अस्पताल में ब्लैक फंगस के पांच मरीज उपचाराधीन हैं। जिनमें से मंगलवार को पहले मरीज का ऑपरेशन किया गया है। जबकि बाकी मरीजों पर माहिर डॉक्टरों के पैनल द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। इनकी जरूरत पड़ने पर सर्जरी की जाएगी। डॉ. सिंगला ने बताया कि राजिंदरा के डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ और अन्य मुलाजिम पूरी मेहनत व ईमानदारी के साथ कोविड मरीजों का इलाज कर रहे हैं।