ऑल्टो कार में आए थे हमलावर, कुराली की तरफ भागे
बस ड्राइवर रवि कुमार और कंडक्टर लवली कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ से हमीरपुर के लिए शाम 6:00 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुए थे। खरड़ बस स्टैंड से सवारियां बैठाने के बाद जैसे ही वह फ्लाईओवर पर चढ़े तो पहले से ही एक ऑल्टो कार वहां खड़ी थी, जिसमें मुंह ढके दो युवकों में से एक युवक कार के बाहर खड़ा था, जबकि दूसरा युवक कार की ड्राइवर सीट पर बैठा था। बाहर खड़े युवक ने बस चालक को इशारा कर रोका और बस के रुकते ही उसने अपने साथ लिए डंडे से बस के अगले दोनों शीशे तोड़ डाले। इसके बाद दोनों युवक कार में सवार होकर कुराली की तरफ भाग निकले।
सीएम सुक्खू ने मुख्यमंत्री मान को किया फोन
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच हिमाचल रोडवेज बसों पर भिंडरावाला पोस्टर लगाए जाने और बसों पर हमले के मामले में टेलीफोनिक बात हुई है। बीते दिनों हिमाचल में दो पहिया वाहनों पर सवार पंजाबी युवकों द्वारा भिंडरावाले की फोटो और झंडा लगाकर यात्रा करने पर हिमाचल पुलिस की तरफ से की गई कार्रवाई के मुद्दों पर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों में बात हुई। इस टेलिफोनिक बातचीत में पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू को आश्वासन दिलाया कि बीते रोज मोहाली के खरड़ में हिमाचल रोडवेज के बस पर हुए हमले में पुलिस कार्रवाई करेगी। सीएम मान ने उन्हें यह सूचना दी कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव इस मामले को खुद देख रहे हैं। वहीं होशियारपुर की घटना के मामले में दोषियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हिमाचल के सीएम सुक्खू ने कहा कि पंजाब हमेशा उनके बड़े भाई की भूमिका में रहा है। पंजाब से आने वाले हर यात्रियों का हिमाचल में ध्यान रखा जाएगा। वह पंजाब और पंजाब के लोगों का दिल से आदर और सम्मान करते हैं।