अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला जिले की नाभा जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट भिवमतेज सिंगला को विजिलेंस ब्यूरो ने दस हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज एक शिकायत की जांच के बाद सहायक जेल सुपरिंटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पटियाला ज़िले के पातड़ां कस्बे की एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उक्त आरोपी नाभा जेल में बंद उसके पति को परेशान कर रहा था और 20,000 रुपये की रिश्वत की माँग कर रहा था। बाद में शिकायतकर्ता ने गूगल पे के माध्यम से दस हजार रुपये की रिश्वत ट्रांसफर कर दी। प्रवक्ता ने बताया कि जांच के बाद शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए और उक्त सहायक जेल सुपरिंटेंडेंट के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से आरोपी फरार था और अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। आज अदालत में आत्मसमर्पण करने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।