अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला के एनआईएस वेलोड्रोम में अस्मिता महिला साइकिलिंग जोनल ट्रैक लीग का आगाज हुआ। पहले दिन एलीट महिला वर्ग में हर्षिता जाखड़ ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि मीनाक्षी को रजत मिला। स्वाति सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
यह दो दिवसीय प्रतियोगिता साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित की जा रही है। महाराजा भूपिंदर सिंह खेल विश्वविद्यालय पटियाला के वीसी पुष्पिंदर सिंह गिल मुख्य अतिथि थे। ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर और उद्योगपति हरजै गंभीर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने महिला खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों की सराहना की। साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव नीरज तंवर ने विजेताओं को पदक, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार दिए। पुष्पिंदर सिंह गिल ने कहा कि बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और निरंतर सहयोग मिलना जरूरी है।
एसोसिएशन के महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि लीग में सब-जूनियर/यूथ, जूनियर और एलीट महिला वर्ग के मुकाबले हो रहे हैं। प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन 15 अक्तूबर को केरिन और स्क्रैच रेस होंगी, जिसके बाद विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।