उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा कि इस साल के अंत तक पंजाब के सभी गांव तथा कस्बे 4जी की सुविधा से जुड़ जाएंगे। पंजाब ऐसा करने वाला देश का पहला सूबा बन जाएगा।
इंटरनेट की तेजगति से पंजाबियों को सरकारी नागरिक सेवाएं घर बैठें प्राप्त करने में आसानी होगी और इससे सरकारी दफ्तरों की परेशानी से निजात मिलेगी। डिप्टी सीएम सुखबीर बादल मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना तहत शुक्रवार को मालेरकोटला के रेलवे स्टेशन से दरगाह अजमेर शरीफ के लिए पहली रेलगाडी को हरी झंडी देने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सुखबीर बादल ने कहा कि साल 2016 विकास को समर्पित रहेगा और इस साल हर क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज की जाएगी। इस समय पंजाब में हर क्षेत्र में रिकार्ड तोड़ विकास किया जा रहा है। राज्य के सड़कों के नेटवर्क को मजबूत करने के अलावा पंजाब बिजली सरप्लस वाला राज्य बन चुका है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने 1.20 लाख युवाओं के लिए नई नौकरियों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंजाब देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां गरीब किसानों तथा व्यापारियों का मुफ्त बीमा किया गया है। विभिन्न धर्मों के तीर्थ स्थलों की यात्रा के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई है। इसके तहत आज दरगाह अजमेर शरीफ के लिए 1004 श्रद्धालुओं के लिए रेलगाड़ी रवाना की गई है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मालेरकोटला के विकास के लिए 63 करोड़ रुपये का विकास फंड जारी किया गया है। इससे पहले हलके में विकास कार्यों के लिए दो सौ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने ऐलान किया कि पंजाब के प्रत्येक गांव-कस्बे में मुस्लमानों के लिए कब्रिस्तान के लिए जगह आरक्षित रखने के आदेश डिप्टी कमिश्नरों को जारी किए जा चुके हैं। राज्य सरकार प्रत्येक हलके के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये अलग से जारी करेगी।