पटियाला के नाभा में चल रहे हाकी टूर्नामेंट के दौरान हुनर दिखाते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
नाभा के पंजाब पब्लिक स्कूल के हॉकी ग्राउंड में चल रही 41वीं जीएस बैंस लिबरल्स ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में एएससी जालंधर और ईएमई जालंधर की टीमें भिड़ेंगी। इन टीमों ने अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत लिए।
सेमीफाइनल में एएससी जालंधर ने हाक्स रूपनगर को 4-0 के एकतरफा मैच में हराया, जबकि ईएमई जालंधर ने नार्दर्न रेलवे नई दिल्ली को 5-3 से मात दी। रविवार को बाद दोपहर दो बजे फाइनल मुकाबला होगा। इस मौके पर प्रिंसिपल कमिश्नर इनकम टैक्स पटियाला जगतार सिंह और आईजी पंजाब पीएस उमरानंगल मुख्य मेहमान के तौर पर मौजूद रहेंगे।
पहला सेमीफाइनल हाक्स रूपनगर और एएससी जालंधर के बीच हुआ, जिसे एएससी ने 4-0 के अंतर से जीत लिया। मैच के नौवें मिनट में ही एएससी जालंधर ने श्रेयस जीआर के जरिये गोल दाग कर 1-0 से लीड ले ली। एएससी ने 42वें मिनट में एक और गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के 50वें मिनट में एक और गोल करके मैच को अपनी झोली में डाल लिया। एएससी के आनंद नाग ने एक और गोल करके स्कोर 4-0 करके टीम को जीत दिला दी।
ईएमई जालंधर और नार्दर्न रेलवे नई दिल्ली मैच के बीच खेला गया दूसरा सेमीफाइनल 2-2 के स्कोर के साथ पूरे समय तक टाई रहा। टाई ब्रेकर से मैच का फैसला किया गया। इस दौरान केवल जसजीत सिंह खुल्लर नार्दर्न रेलवे के लिए स्कोर कर सके, जबकि बिजू सिंह, अमित सैनी और सोलमोन हीरेंज ने ईएमई जालंधर के लिए गोल करते हुए टीम को 5-3 से जीत दिला दी।