पटियाला। थाना जुल्कां इलाके में घग्गर दरिया में अवैध खनन करने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर को कुचलने की कोशिश करने वाले आरोपी जल्द पुलिस गिरफ्त में होंगे। पुलिस ने इस संबंधी ट्रांसपोर्ट विभाग की मदद ली है। विभाग को पुलिस की ओर से आरोपियों की स्कूटरी और ट्रैक्टर-ट्राली का नंबर दिया गया है। इन नंबरों के आधार पर वाहन मालिकों का सुराग लगाने बाद खनन माफिया तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई जानपाल सिंह ने कहा कि जल्द सारी जानकारी मिल जाएगी।। जिसके बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि टांगरी जल निकास माइनिंग उपमंडल पटियाला में तैनात माइनिंग इंस्पेक्टर हर्षप्रीत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव भंबुआ में नाजायज माइनिंग हो रही है। इस सूचना पर जब रेड किया गया, तो मौके पर मिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर-ट्राली और एक जेसीबी मशीन को भी काबू किया गया। लेकिन इसी बीच स्कूटरी पर सवार एक अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंचा और उसने जेसीबी चालक को जेसीबी को भगाने के लिए उकसाया। जिस पर चालक ने जेसीबी माइनिंग इंस्पेक्टर पर चढ़ाने की कोशिश की। उसके बाद स्कूटरी चालक ने माइनिंग इंस्पेक्टर साथ गाली-गलौच की और डंडा लेकर मारने की भी कोशिश की। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए थे।