सुविधा केंद्र की अचानक चेकिंग में एक और एजेंट काबू किया गया। एजेंट लोगों के काम कराने के एवज में उनसे ज्यादा पैसे वसूल रहा था।
सहायक कमिश्नर डॉ. सिमरप्रीत कौर ने सुविधा केंद्रों में एजेंट कल्चर को खत्म करने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। सरकार की ओर से लोगों को एक ही छत के नीचे बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मुहैया कराने के लिए सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
पटियाला के सुविधा केंद्र में पिछले कुछ समय से एजेंटों की ओर से लोगों से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर हाल ही में सहायक कमिश्नर सिमरप्रीत कौर ने सुविधा केंद्र में अचानक चेकिंग करके पांच एजेंटों को काबू किया था। इनके खिलाफ पुलिस केस भी दर्ज किया गया था।
इसी कड़ी में फिर से डा. सिमरप्रीत कौर ने सुविधा केंद्र की अचानक चेकिंग की। इस दौरान एक और एजेंट लोगों का काम कराने के एवज में उनसे ज्यादा पैसे वसूलता पकड़ा गया।
उसे प्रशासन की ओर से पुलिस के हवाले कर दिया गया है। डा. कौर ने इस मौके पर कहा कि चेकिंग मुहिम आगे भी जारी रहेगी। ताकि लोगों को कोई भी एजेंट लूट न सके।