घन्नौर शंभू मार्ग पर ट्रक ने एक स्कूली बच्चे को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी शिंदरपाल सिंह ने बताया कि उन्हें मिली सूचना के मुताबिक गांव लाछड़ू कलां निवासी स्कूली छात्र बौबी वालिया घन्नौर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता था।
वीरवार दोपहर छुट्टी होने के बाद वह साइकिल पर सवार होकर अपने घर लाछड़ू कलां जा रहा था कि शंभू की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने ट्रक चालक भूपिंदर सिंह निवासी घन्नौर को ट्रक सहित काबू कर मामला दर्ज कर लिया। मासूम बच्चे की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, तो हर तरफ चीख पुकार मच गई और सारा कस्बा शोक में डूब गया। लोगों ने स्कूली बच्चों की हिफाजत के लिए प्रशासन की ओर से उठाए कदमों पर भी सवालिया निशान करते हुए सख्त कदम उठाने की मांग की।