पटियाला में पंजाब डायलाग के तहत कार्यक्रम में हिस्सा लेते आम आदमी पार्टी के प्रदेश कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी की ओर से शनिवार को एक स्थानीय पैलेस में पंजाब डायलाग के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आप के नेताओं ने पंजाब के युवा वर्ग से बातचीत करके उनकी समस्याएं जानीं और उनके मुद्दों के बारे में जाना। इस दौरान युवाओं ने खास तौर से बेरोजगारी की समस्या, निजी शिक्षण संस्थाओं की बढ़ती संख्या, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के आउट डेटेड सिलेबस संबंधी मुद्दों को उठाया और इन समस्याओं के जल्द हल की मांग की। इस मौके पर आप नेताओं में प्रदेश कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर, वरिष्ठ पत्रकार कंवर संधू, पार्टी की यूथ विंग के प्रधान हरजोत बैंस, डा. बलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
इस मौके पर कंवर संधू ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक सिस्टम में बदलाव के लिए राजनीतिक क्रांति लाने की जरूरत है। दिल्ली में यह राजनीतिक क्रांति आ चुकी है। छोटेपुर ने कहा कि आज पंजाब का नौजवान दिशाहीन है, इसलिए वह नशों की बुरी लत का शिकार हो रहा है। आप 2017 के विधानसभा चुनावों में जीत के बाद सत्ता में आने पर नौजवानों को जहां रोजगार के अवसर प्रदान करेगी, वहीं उन्हें स्वरोजगार भी मुहैया कराएगी। साथ ही छोटेपुर ने कहा कि पंजाब में शिक्षा ढांचे का स्तर गिर चुका है। यही वजह है कि टीचरों, डाक्टरों के पद खाली पड़े हैं। इस मौके पर एक लड़की रूपिंदर कौर ने मुद्दा उठाया कि केंद्र सरकार ने एससी/एसटी स्टूडेंट्स के लिए 600 करोड़ की ग्रांट भेजी है। लेकिन पंजाब सरकार ने इस फंड को और कहीं इस्तेमाल कर दिया है। संधू ने कहा कि आप की सरकार बनने पर फंड का गलत इस्तेमाल नहीं होगा।