पटियाला से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. धर्मवीर गांधी ने पार्टी प्रत्याशियों संगरूर से भगवंत मान, लुधियाना से एडवोकेट एचएस फुलका और बठिंडा से जस्सी जसराज समेत अपने समर्थकों के साथ वीरवार को मिनी सचिवालय में डीसी दफ्तर के बाहर धरना लगाया।
इस मौके पर उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की अकाली-भाजपा सरकार के प्रभाव के कारण ही पुलिस और जिला प्रशासन बुधवार को पोलिंग बूथों पर कैप्चरिंग, ईवीएम मशीन तोड़ने जैसी घटनाओं को लेकर बेपरवाह रही। इस दौरान मांग की गई कि डॉ. गांधी पर हमला करने वाले अकाली पार्षद व उसके साथियों पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया जाए। साथ ही अकाली वर्करों ने जिस भी पोलिंग स्टेशन पर गड़बड़ी की, वहां पर दोबारा चुनाव कराए जाएं। इस बारे में आप ने डीसी कम जिला रिटर्निंग अफसर प्रियांक भारती को ज्ञापन भी सौंपा। इससे पहले आप के सभी लीडर व वर्कर रैली के रूप में मिनी सचिवालय पहुंचे।
धरने के दौरान डॉ. गांधी ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह 10 बजे उनकी पार्टी के वर्कर सतीश कुमार के साथ अलीपुर अराइयां के बूथ नंबर 25 में पार्षद रजिंदर सिंह विर्क की अगुवाई में अकाली वर्करों ने दुर्व्यवहार किया। अकालियों ने सतीश को थप्पड़ मारे और उसे बाहर निकाल दिया। इसी दौरान डीएसपी और सेंट्रल आर्ब्जवर ने पोलिंग स्टेशन का दौरा किया, लेकिन उन्होंने विर्क व उसके साथियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके कारण विर्क के हौसले बुलंद हो गए और उसने शाम करीब चार बजे अपने साथियों के साथ रसूलपुर सैदां में बूथ में घुसकर वोटिंग मशीन को कब्जे में लेकर कई जाली वोटें डालीं।
इसी दौरान डॉ. गांधी वहां पहुंचे और उन्होंने विर्क को ऐसा करने से रोका। इसके बाद विर्क ने डॉ. गांधी पर हमला करके उन्हें मुक्के मार कर घायल कर दिया। विर्क ने डॉ. गांधी के गनमैन कांस्टेबल गुरमीत सिंह की कार्बाइन छीनने की कोशिश की।
बाद में आप की ओर से पोलिंग बूथ के बाहर धरना-प्रदर्शन करने पर पुलिस ने गनमैन के बयान पर विर्क और उसके 25 साथियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और लड़ाई-झगड़े की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। लेकिन जिन डॉ. गांधी पर जानलेवा हमला हुआ, उनका बयान नहीं लिया गया।
धरने में मांग की गई कि डॉ. गांधी का बयान लेकर उन पर जानलेवा हमला करने वाले अकाली पार्षद विर्क के खिलाफ हत्या की कोशिश का पर्चा दर्ज किया जाए। अगर डॉ. गांधी के साथी उन्हें न बचाते, तो विर्क शायद उन्हें मार ही डालता। साथ ही इस मौके पर उन सभी पोलिंग स्टेशनों पर दोबारा से वोटिंग कराने की मांग की गई, जहां अकालियों ने गड़बड़ी की थी। देर शाम खबर लिखे जाने तक आप का धरना जारी था।
डा. गांधी के मामले में डीआईजी करेंगे जांच
डीसी प्रियांक भारती ने कहा कि डॉ. धर्मवीर गांधी की ओर से अकाली पार्षद के खिलाफ जो हत्या की कोशिश की धारा लगाने की मांग की जा रही है, उस संबंधी जांच के लिए डीआईजी लिखा गया है। अब वही इस मामले में जांच के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे। रही बात कुछ पोलिंग स्टेशनों पर दोबारा से पोलिंग कराने की, तो आप के पोलिंग एजेंटों से कल कोई शिकायत नहीं मिली थी। जिससे पर आगे कार्रवाई हो सके।