जलालाबाद। सीमावर्ती गांव ढंडी कदीम के निकट एक सड़क दुर्घटना में बिजली बोर्ड में तैनात लाइनमैन गुरमेज सिंह की मौत हो गई। यह हादसा 17 दिसंबर को उस समय हुआ जब गुरमेज सिंह अपने भाई के बच्चों को लेने के लिए मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार छोटा हाथी वाहन ने ओवरटेक करते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद छोटा हाथी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक के भाई मंगल सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गुरमेज सिंह को गंभीर चोटें आईं और उन्हें पहले जलालाबाद सिविल अस्पताल फिर फरीदकोट मेडिकल कॉलेज और अंत में श्री मुक्तसर साहिब के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगल सिंह के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 281, 106 और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सतनाम दास ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश जारी है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।