पटियाला। मेडिकल स्टूडेंट्स अगेंस्ट करप्शन जत्थेबंदी ने राजेंद्रा अस्पताल के एक सीनियर डाक्टर के खिलाफ पटियाला के मेडिकल कालेज में चल रहे एमबीबीएस फाइनल एग्जाम में अपने बेटे को नकल कराने के आरोप लगाए हैं। मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डा. केडी सिंह ने इन आरोपों को निराधार बताया है। साथ ही कहा है कि पेपरों में किसी तरह की कोई नकल नहीं हो रही है। उन्होंने केवल सावधानी के तौर पर मेडिकल कालेज का प्रिंसिपल होने के नाते कार्रवाई करते हुए एक शिकायत के आधार पर दो सुपरवाइजरों को हटाया है, जिससे उन पर किसी तरह का कोई आरोप न लगे। आरोप है कि उक्त डाक्टर के पीजी स्टूडेंट्स राजेंद्रा के ही एक डाक्टर के आफिस में बैठकरकापी करने वाली सामग्री तैयार करते हैं और आगे डाक्टर के बेटे को सप्लाई करते हैं। जत्थेबंदी ने कुछ एनआरआई स्टूडेंट्स पर भी ब्लू टूथ का इस्तेमाल करके नकल करने के आरोप लगाए हैं। जत्थेबंदी ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मेडिकल एजूकेशन मंत्री से मांग की है कि इस सब को रोका जाए, जिससे होनहार मेडिकल स्टूडेंट्स के हकों का हनन न हो।