पटियाला में धुंध का कहर, वाहन चलाना हुआ मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
पटियाला में मौसम ने अचानक से करवट बदल ली है। सोमवार को सुबह शहर में चारों तरफ धुंध की चादर छाई थी। जिसके कारण दो-तीन फुट से आगे कुछ भी दिखाई नहीं पड़ रहा था। ऐसे में वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। सुबह करीब साढ़े 10 बजे मौसम खुला। तब जाकर जन जीवन सामान्य हो सका। पटियाला में तड़के से ही चारों तरफ धुंध का कहर था। आलम यह था कि कुछ दूरी तक ही विजिबिलिटी थी। आगे धुंध ही धुंध नजर आ रही थी, जिस कारण खास तौर से वाहन चालकों को काफी मुश्किलें हो रही थीं। धुंध ने वाहनों की स्पीड को भी ब्रेक लगा दी है। दिन में तो मौसम ठीक रहा, लेकिन शाम पांच बजे के बाद फिर से मौसम ने करवट बदली और मौसम में ठंडक होे गई। जिस कारण लोगों ने ऊनी वस्त्र पहनने शुरू कर दिए हैं।