-किसानों को धान खरीद के 843 करोड़ की अदायगी
-एजेंसियां दिवाली से पहले लिफ्टिंग सुनिश्चित करें: डीसी
-
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला जिले की मंडियों में अब तक 3 लाख 93 हजार 462 मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से 3 लाख 83 हजार 108 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है जिसका 843 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। पनग्रेन ने 1 लाख 80141 मीट्रिक टन, मार्कफेड ने 85627 मीट्रिक टन, पनसप ने 68553 मीट्रिक टन, पंजाब स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन ने 48787 मीट्रिक टन धान खरीदा है।
डीसी डाॅ. प्रीति यादव ने कहा कि सभी मंडियों में किसानों की ओर से बेचने के लिए लाई जा रही धान की फसल की खरीद सुचारू और बिना किसी रुकावट के की जा रही है। डीसी ने एडीसी नवरीत कौर सेखों, डीटीओ बबनदीप सिंह वालिया, डीएफएससी रविंदर कौर समेत अलग-अलग खरीद एजेंसियों और दूसरे अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग की। इसमें निर्देश दिए कि दिवाली से पहले सभी मंडियों में खरीदे गए माल की लिफ्टिंग पूरी तरह से सुनिश्चित की जाए। डॉ. प्रीति यादव ने किसानों से यह भी अपील की कि वे मंडियों में केवल सूखा धान ही लाएं और पराली न जलाएं, जबकि सभी कंबाइन ड्राइवर भी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही धान की कटाई करेंगे और शाम 6 बजे के बाद और सुबह 10 बजे से पहले कटाई नहीं हो सकेगी। इसके अलावा, कोई भी कंबाइन बिना सुपर एसएमएस लगाए नहीं चलेगी और अगर कोई उल्लंघन पाया गया तो कंबाइन को जब्त कर लिया जाएगा।