रेल डिवीजन फिरोजपुर के 127 मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर रेल मित्र रखे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ये वो फाटक हैं जिन पर कई बार ट्रेन दुर्घटनाएं घट चुकी हैं। डिवीजन में मानव रहित गेटों की संख्या करीब 465 है।
रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर इंजीनियरिंग विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक बिना गार्ड वाले फाटक पर रेल मित्र स्कीम के तहत एक कर्मी रखने के लिए लगभग 11 हजार रुपये का खर्च आएगा। ऐसे गेटों पर ठेके पर व्यक्ति रखे जाएंगे। बठिंडा-फिरोजपुर सेक्शन पर स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग फाटक दो रेल मित्र रखे जाएंगे।
इसी तरह लुधियाना-फिरोजपुर सेक्शन पर तीन व कोटकपुरा-फाजिल्का सेक्शन पर आठ गेटों पर व्यक्ति तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा अमृतसर व तरनतारन साइड 28 गेटों पर कर्मी तैनात किए जाएंगे। पट्टी सेक्शन पर 28 मानव रहित गेटों पर कर्मी लगाए जाएंगे।
ब्यास के रास्ते पड़ने वाले आठ मानव रहित गेटों पर भी रेल मित्र तैनात होंगे। इसी तरह जालंधर शहर व जालंधर कैंट के रास्ते पड़ते गेटों पर बारह, जालंधर-फिरोजपुर, फल्लौर-लोहियां, फिरोजपुर-फाजिल्का व बठिंडा-फिरोजपुर सेक्शन पर 31 और फगवाड़ा, एनएसएस व जेजेजे के रास्ते 14 व अमृतसर-पठानकोट व जालंधर-पठानकोट के रास्ते दस रेल मित्र रखे जाएंगे।
रेल मित्र रखने से मानव रहित फाटकों पर रेलदुर्घटनाएं नहीं होंगी। रेल मित्र रखने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही गेटों पर रेल मित्र तैनात होंगे।