डमटाल के पास बुधवार शाम बरसात का पानी रेलवे ट्रैक पर आ गया। रेलवे ट्रैक के बीच पानी जमा होने के कारण जम्मू से दिल्ली व अन्य प्रदेशों के लिए चलने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। ट्रैक की स्थिति ठीक न होने के कारण रेलगाड़ियों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
इस बीच रेल सेक्शन करीब आधा घंटा बंद रहा। इस बीच गाड़ियों को सुजानपुर, माधोपुर, कठुआ, घगवाल, हीनानगर व सांबा सरीखे रेलवे स्टेशनों पर रोका गया। ऐसे में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पीडब्ल्यूआई प्रदीप कुमार ने बताया कि फाटक संख्या सी-142 के पास की पहाड़ियों से बरसात के पानी का बहाव बुधवार की शाम अचानक तेज हो गया था। यही वजह था कि रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गया।
ऐसे में बुधवार रात साढे़ 10 से 11 बजे तक ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया था। आखिरकार पानी कम होने के बाद रात के वक्त गुजरने वाली रेलगाड़ियों को महज 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया गया।