प्रशासन के लाख दावों के बावजूद शहरवासियों को लावारिस पशुओं से निजात नहीं मिल पाई है। ये लावारिस पशु शहर के हर चौक, सड़क और बाजारों में झुंड बनाकर घूमते रहते हैं।
शहरवासी अश्विनी कुमार, दिलजीत सिंह, विनोद कुमार, रवि कुमार, सतीश कुमार ने बताया कि शहर में गायों की संख्या इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि आए दिन शहरवासियों को किसी न किसी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इन पशुओं के कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। मालूम हो कि लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए नगर निगम की ओर से एक कैचर टीम का भी गठन किया गया था लेकिन यह टीम आज तक एक भी लावारिस पशु नहीं पकड़ पाई है।
सांड़ ने ली थी एक व्यक्ति की जान
कुछ दिन पहले ही एक सांड़ ने मॉडल टाउन में एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। उस व्यक्ति का पठानकोट सिविल अस्पताल में कई दिन तक इलाज भी चला लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। हालांकि प्रशासन ने उस सांड़ को पकड़कर शहर से बाहर तो छोड़ दिया लेकिन आज भी कई लावारिस सांड़ शहर में घूम रहे हैं जो आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं।
शहरवासियों की प्रशासन से अपील
शहर के लोगाें ने प्रशासन से लावारिस पशुओं को पकड़कर शहर की हद से बाहर छोड़ने की मांग की है। शहरवासियों के मुताबिक वे पहले भी कई बार प्रशासन से मांग कर चुके हैं लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।