जालंधर से आए गो सेवा बोर्ड के चेयरमैन कीमती भगत ने कहा कि गो हत्या और गो स्मगलिंग के घिनौने कार्यों पर रोक लगाने के लिए एडीजी क्राइम ने वर्ष 2011 में पंजाब भर में नोटिफिकेशन जारी कर गो सुरक्षा सेल की स्थापना करने के आदेश दिए थे।
अब तक कई जिलों में गो सुरक्षा सेल की स्थापना नहीं हो पाई है जिस कारण गायों की हत्या करने वालों पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। कीमती भगत और भाजपा जिला प्रधान नरेंद्र परमार ने एसएसपी से मुलाकात कर गो हत्यारों को पकड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि पठानकोट में गायों की हत्या करना दुखदायी बात है और यह एक जघन्य अपराध है।
चेयरमैन कीमती ने एडीजी क्राइम और एसएसपी से मांग की कि पठानकोट में गो सुरक्षा सेल की स्थापना कर हर महीने पुलिस, गोशाला प्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों की कमेटी बनाकर मीटिंग कर गो तस्करों पर नकेल डालने की प्लानिंग की जाए। गो सेवा बोर्ड ने यह मांग भी रखी कि इंटर स्टेट बार्डर पर पुलिस द्वारा स्पेशल टीम गठित कर दिन और रात के समय वाहनों की चेकिंग की जाए। चेयरमैन भगत ने विधानसभा में गो हत्या को रोकने, जुर्म व अन्य नोटिफिकेशनों की कापी एसएसपी को देकर इन्हें लागू करवाने की मांग रखी।
गो सेवा सेल बीजेपी पंजाब अध्यक्ष मनदीप बख्शी और उपाध्यक्ष मनमोहन बागी ने गो हत्या की निंदा की। उन्होंने कहा कि सोमवार को पूरे राज्य भर में मुख्यमंत्री के नाम पर डीसी को मांग पत्र सौंपे जाएंगे। मांगपत्र में गो हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग रखी जाएगी।
बख्शी ने कहा कि सीएम से मांग की जाएगी कि पूरे पंजाब में गोचरांद भूमि पर हुए कब्जों को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि गायों की देखभाल के लिए सरकार एक हजार एकड़ जगह और 200 करोड़ रुपये का पैकेज दे। गो सेवा सेल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि गो हत्या के आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए।