गांव माहीचक्क में रास्ते के विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग की अमृतसर में इलाज के दौरान मौत हो गई। कानवां पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मालूम हो कि गांव माहीचक्क में 14 दिसंबर को दो गुटों के बीच रास्ते को लेकर झगड़ा हो गया था।
झगड़े में गुरमेज सिंह और उसका भाई अजीत सिंह, महिंदर कौर पत्नी गुरमेज सिंह और अजीत सिंह का बेटा सरबजीत सिंह घायल हो गए थे। अजीत सिंह की हालत गंभीर होने की वजह से उसे अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने सोमवार को दम तोड़ दिया। कानवां पुलिस ने उक्त मामले में कमल जीत सिंह, भूपिंदर सिंह, सुखवंत सिंह पुत्र चन्न सिंह, जसजीत सिंह, सोनू पुत्र हरी सिंह, हरी सिंह पुत्र बतां सिंह, बख्शीश सिंह पुत्र इंद्र सिंह और प्रताप सिंह पुत्र बख्शीश सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
कानवां पुलिस ने कमलजीत सिंह, बख्शीश सिंह और हरी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी राकेश कौशल ने बताया कि आरोपियों को डीएसपी रूरल-1 प्रभजोत सिंह विर्क और थाना कानवां के एसएचओ विपिन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।