रेलवे कॉलोनी पठानकोट में बीमारी से तंग आकर एक विवाहिता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका की पहचान निर्मला पत्नी उमा शंकर (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका मूलरूप से दिल्ली के करोल बाग निवासी बताई जाती है। उसका पति रेलवे में ही पठानकोट रेलवे स्टेशन पर तैनात है।
जानकारी के मुताबिक निर्मला और उमा शंकर शादी के बाद रेलवे कॉलोनी में रहते थे। शुक्रवार देर शाम घर पर पति की गैर मौजूदगी में उसने फंदा लगा लिया। देर शाम को उमा शंकर घर लौटा तो पत्नी का शव फंदे से लटका मिला। मामले की जानकारी मिलते ही थाना डिवीजन नं.-1 की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने मृतका के दिल्ली निवासी मायका पक्ष को निर्मला की मौत की जानकारी दी। शनिवार सुबह मायका पक्ष के लोग पठानकोट पहुंचे। उसके परिजनों ने बताया कि निर्मला कुछ महीने से बीमार चल रहे थी। उसने बीमारी से तंग आकर आत्महत्या की। मृतका की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। उनका एक बच्चा भी है।
थाना डिवीजन नं.1 की पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल पठानकोट में पोस्टमार्टम कराने के बाद वारिसों के हवाले कर दिया। एसएचओ सुखजिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।