थाना घुम्मनकला के तहत पड़ते एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार रात को दो सिख नकाबपोश युवकों ने पिस्तौल के दम पर लूटपाट की। बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कारिंदों से करीब 24,342 रुपये की नकदी लूट ली। साथ ही कारिंदों के दो मोबाइल फोन भी छीन ले गए।
वारदात की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि कलानौर-बटाला रोड पर मुल्लांवाल में बालाजी फिलिंग स्टेशन के कारिंदे रामसिंह पुत्र बिशनु राम निवासी हिमाचल प्रदेश की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। रामसिंह इस पेट्रोल पंप पर आठ साल से काम कर रहा है। इस पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं जिस कारण पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है।
रामसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात वह अपने एक साथी तरसेम कुमार के साथ पेट्रोल पंप पर था, जबकि दो अन्य साथी कार्यालय के पीछे खाना बना रहे थे। इस दौरान करीब 7.50 बजे दो नकाबपोश सिख युवक पेट्रोल पंप पर आए और पिस्तौल दिखाकर कैश देने के लिए कहा। रामसिंह ने बताया कि उसने घबराहट में पेट्रोल पंप के कार्यालय की दराज में रखे 24, 342 रुपये निकालकर बदमाशों को दे दिए। बदमाश उसका मोबाइल फोन भी ले गए। रामसिंह ने बताया कि दोनों बाइक पर आए थे। बाइक उन्होंने अंधेरे में छिपा दी थी जिस कारण वह बाइक का नंबर नहीं पढ़ सका। जांच अधिकारी ने बताया कि उन्होंने रामसिंह की शिकायत पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी कैमरे होते तो मिलता सुराग
गुरदासपुर के एसएसपी सुखवंत सिंह गिल ने कहा कि वे पहले भी कई बार लोगों से अपील कर चुके हैं कि सभी पेट्रोल पंप, पैसों के लेन-देन वाले संस्थानों, बैंको तथा मनी एक्सचेंज संस्थानों पर सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं। जबकि इस पंप मालिक ने अपने पंप पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए हैं। एसएसपी ने बताया कि अगर सीसीटीवी कैमरे लगे होते तो उससे इस केस को ट्रेस करने में आसानी हो सकती थी। अब यह केस एक अंधा केस बन चुका है। उन्होंने बताया कि बदमाशों द्वारा छीने गए मोबाइल फोनों को ट्रेस कर जांच-पड़ताल की जाएगी।