करीब 10-12 साल से स्पेन में रह रहे विजय नगर, जालंधर निवासी रोहित महाजन (33) ने स्पेन में 16 नवंबर को फंदा लगाकर जान दे दी। आरोप हैं कि ससुरालियों से तंग आकर उसने यह कदम उठाया। कुछ महीने पहले ही रोहित की शादी गुरदासपुर में डेहरीवाल दरोगा गांव थाना काहनूवान में मीनाक्षी से हुई थी।
रोहित ने स्पेन में पक्के तौर पर रहने के लिए कंट्रैक्ट बेस पर एक शादी कर रखी थी। इसकी जानकारी उसने मीनाक्षी तथा उसके पिता को दी थी। शादी के कुछ दिन बाद जब रोहित स्पेन चला गया तो इसी बीच घर में प्रापर्टी को लेकर घरवालों और मीनाक्षी के बीच झगड़े शुरू हो गए।
मीनाक्षी के परिजनों ने गुरदासपुर के वुमन सेल में शिकायत दर्ज करवा दी तथा रोहित तथा उसके परिजनों पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। आरोप लगाया कि रोहित दहेज की मांग कर परेशान कर रहा है। रोहित की पत्नी मीनाक्षी के जीजा सूरज व बहन मोनिका जो जर्मन में रहते हैं, ने भी रोहित पर दबाव डालना शुरू कर दिया तथा उसे प्रताड़ित करने लगे कि वह उसे स्पेन से डिपोट करवा देंगे। आरोप है कि तंग आकर रोहित महाजन ने 16 दिसंबर को स्पेन में ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इस संबंध में एसएसपी गिल ने कहा कि वह खुद इस मामले की जांच कर आरोपियोें को सजा दिलाएंगे।