कैंट रेलवे स्टेशन से पकड़े गए अफगानी युवक को अमृतसर में सात दिन की रिमांड पर रखने के बाद वापस पठानकोट लाकर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे आठ फरवरी तक दोबारा रिमांड पर भेज दिया है।
युवक को अमृतसर में भारतीय दूतावास के अधिकारियों के पास भेजा गया था। फिलहाल पूछताछ में कोई बड़ा खुलासा नहीं हुआ है। जीआरपी रिमांड में की जाने वाली पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
29 जनवरी को पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने मूल रूप से अफगानिस्तान निवासी युवक नालोक मीर को गिरफ्तार किया था।
आरपीएफ ने विभिन्न रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर युवक को कोर्ट में पेश कर दिया था। कोर्ट ने चार फरवरी तक के लिए युवक को भारतीय दूतावास के अधिकारियों से पूछताछ के लिए रिमांड पर अमृतसर भेज दिया था। अब दूतावास की रिमांड के बाद युवक को कोर्ट ने जीआरपी रिमांड पर भेज दिया है। युवक को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया था लेकिन मामले की आगे की जांच जीआरपी की ओर से की जा रही है।
थाना जीआरपी पठानकोट के प्रभारी दविंदर सिंह रंधावा का कहना है कि युवक से बरामद किए गए सभी डिवाइस जिनमें मोबाइल, लैपटॉप व पेनड्राइव शामिल हैं को साइबर ब्रांच में जांच के लिए भेजा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जीआरपी की ओर से पूछताछ किए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार उक्त युवक नालोक मीर 2013 में काबुल से भारत में टूरिस्ट वीजे पर आया था और इसके बाद विभिन्न स्थानों पर नाम बदलकर रह रहा था।