चिन्मय मिशन गुरदासपुर के तत्वावधान में 66वां मासिक विधवा/निराश्रित महिला राशन वितरण कार्यक्रम स्थानीय रामसिंह दत्त मेमोरियल हॉल में रविवार को हुआ। इस अवसर पर 68 महिलाओं को आठ सौ रुपये प्रत्येक के हिसाब से राशन बांटा गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुखजिंदरा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट गुरदासपुर के चेयरमैन सविंदर सिंह तथा विशेष अतिथि के रूप में प्रेम प्रकाश शर्मा उपस्थित हुए। इस मौके पर डा. चरणदास शास्त्री ने दशहरा पर्व का अध्यात्मिक महत्व बताया। सविंदर गिल ने भौतिक बाद में ग्रस्त मानव को परमात्मा की शरण में जाकर जीवन को सार्थक बनाने के लिए प्रेरित किया।
मनजिंर कौर ने दविंदर नारायण की सेवा को ही ईश्वर की पूजा बताया। गिल ने इस अवसर पर 11 सिलाई मशीनें, राशन के लिए 31,000 रुपये और एक लाख प्रतिवर्ष चिकित्सा के लिए देेने की घोषणा की। प्रेम प्रकाश शर्मा ने सहयोग का आश्वासन दिया। विजय भंडारी ने महिला साक्षात्कार का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मिशन को सहयोग देने वाले स्थानीय समाचार पत्रों के संवाददाताओं को सम्मानित किया। अंत में मुख्य और विशेष अतिथि को स्मृतिचिह्न भेंटदेकर सम्मानित किया गया।