पंजाब सरकार की ओर से लगाए गए प्रापर्टी टैक्स और कॉलोनी नियमित कराने को लगाए टैक्स का विरोध तेज होता जा रहा है। सीपीएम पंजाब की ओर से 24 अक्तूबर को पठानकोट में जिला स्तर पर धरना दिया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर घर-घर जाकर सीपीएम पंजाब की ओर से लोगों को लामबंद किया जा रहा है।
मंगलवार को पार्टी की ओर से लेबर शेड से झंडा मार्च निकाला गया जो शहर के विभिन्न बाजारों और गली मोहल्लों से होकर गुजरा। झंडा मार्च में लोगों से टैक्स के विरोध में प्रस्तावित प्रदर्शन में हिस्सा लेने की अपील की गई। इस मौके पर आयोजित बैठक में तहसील प्रधान लाल चंद कटारूचक और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नत्था सिंह और मास्टर दलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ने प्रापर्टी टैक्स और कॉलोनियों को नियमित करने के नाम पर गरीब परिवारों के ऊपर बोझ लाद दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार की हिदायतों के मुताबिक रिहायशी घरों का 90 हजार, व्यापारिक संस्थानों के साढ़े 12 लाख प्रति मरला और हर किस्म के निर्माण पर 1.12 लाख रुपये प्रति मरला के हिसाब के रेट तय किए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी रेट के मुताबिक प्रत्येक परिवार पर टैक्स लगा दिया गया है जो हर साल बढ़ता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी मंत्री और विधायक अपने निजी खर्च घटाने के बजाय लोगों पर टैक्सों का बोझ थोप रहे हैं। उन्होंने बताया कि टैक्सों के विरोध में 24 अक्तूबर को लेबर शेड पठानकोट में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद डीसी पठानकोट को मांगपत्र सौंपा जाएगा। लोगों ने जब प्लॉट खरीदे थे तब सरकार को स्टांप ड्यूटी फीस भरी थी जब मकान बनाए तो नक्शा फीस व अन्य फीस जमा कराई।
अब लोगों से दोबारा से टैक्स वसूल करना अनुचित है। उन्हाेंने कहा कि सरकार का खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है और सरकार कंगाल हो चुकी है। अब खजाना भरने के लिए लोगों पर जबरदस्ती टैक्स थोपे जा रहे हैं। इस मौके पर सुभाष शर्मा, शिव कुमार, दलबीर सिंह, हजारी लाल, प्रेम सागर, अवतार सिंह, राम विसाल, वीपी सैनी, समा सिंह और बलदेव सिंह मौजूद रहे।