गांव रानीपुर झिकला में माता मंदिर के पास स्थित गोदाम में शराब फैक्टरी का वेस्ट मैटीरियल रखने के विरोध में शनिवार को कांग्रेस के जिला सीनियर उपप्रधान साहिब सिंह साबा की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेसी नेता साहिब सिंह साबा, मंगल सिंह, रछपाल सिंह, कुलदीप सिंह, जगदीश सिंह, जरनैल सिंह, सुखपाल सिंह, राजेश, संदीप, अंकू, विजय इंदर, ललित, राजेंद्र सिंह, सोहन सिंह, महिंद्र सिंह, कृष्णा देवी, नीना देवी, रितू, कांता देवी ने बताया कि शराब फैक्टरी से निकलने वाला वेस्ट मैटीरियल पहले गांव भनवाल के पास फेंका जाता था।
विरोध करने पर उसे वहां से उठा लिया गया लेकिन अब उनके गांव में स्थित मंदिर के पास गोदाम लेकर फैक्टरी ठेकेदार इस वेस्ट को बोरों में स्टोर कर रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सुबह मंदिर में लोगों को पूजा-पाठ करने में परेशानी होती है। कहा कि शराब फैक्टरी के ठेकेदार से यहां से माल उठाने के लिए कहा गया था लेकिन अब तक माल नहीं उठाया गया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में ठेकेदार ने यहां से माल नहीं उठाया तो फैक्टरी के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।